
फुलवारी शरीफ। इमारत-ए-शरिया बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की अहम बजट बैठक फुलवारी शरीफ स्थित अल-माहदुल आली हॉल में आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष के लिए करीब 14 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया है। निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में प्रत्येक जिले में सीबीएसई पैटर्न पर आधुनिक स्कूल तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल स्थापित किए जाएंगे।

बैठक में संस्था के विभिन्न विभागों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। सदर काजी शरीअत मौलाना अंजार आलम कासमी ने दारुल कजा, मौलाना मुफ्ती अकील अख्तर कासमी ने दारुल इफ्ता, मौलाना मुफ्ती मोहम्मद सुहराब नदवी ने तबलीग व संगठन, मौलाना मुफ्ती मोहम्मद सना उल हुदा कासमी ने शिक्षा विभाग की रिपोर्ट रखी। दारुल उलूम इस्लामिया की रिपोर्ट मुफ्ती वसी अहमद कासमी ने दी। इमारत पब्लिक स्कूल, मौलाना सज्जाद अस्पताल, गर्ल्स कंप्यूटर इंस्टीट्यूट और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट से संबंधित रिपोर्ट भी पेश की गई। बैतुल माल की आय-व्यय और भावी योजनाओं की जानकारी इरफानुल हसन ने दी।
बैठक की अध्यक्षता अमीर-ए-शरीअत मौलाना अहमद वली फैसल रहमानी ने की। उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, एकता और भाईचारा सबसे आवश्यक है। उन्होंने मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की। नायब अमीर-ए-शरीअत मौलाना मोहम्मद शमशाद रहमानी कासमी सहित अन्य वक्ताओं ने संस्था के कार्यों की सराहना की।
बैठक के अंत में समाज की तरक्की, शिक्षा के प्रसार तथा देश में शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
