
बिहटा। उम्र के आखिरी पड़ाव में भी अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देने वाले बाबू वीर कुंवर सिंह का साहस और स्वाभिमान आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। इसी वीरता और देशभक्ति को याद करते हुए शुक्रवार को बिहटा के किशुनपुर स्थित बाबू वीर कुंवर सिंह चौक पर उनकी 249वीं जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस मौके पर बाबू वीर कुंवर सिंह न्यास, बिहटा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में जिस अदम्य साहस और रणनीतिक क्षमता का परिचय दिया, वह भारतीय इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है। करीब 80 वर्ष की उम्र में अंग्रेजों के विरुद्ध मोर्चा संभालना उनके अद्भुत साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के खिलाफ नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता और सम्मान की रक्षा के लिए था।
न्यास के अध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह ने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके त्याग, साहस और देश के प्रति समर्पण को केवल जयंती समारोह तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की जरूरत है। युवाओं को उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना भी समाज की जिम्मेदारी है।
वहीं, डॉ. उदय कुमार सिंह ने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह ने विपरीत परिस्थितियों में भी अंग्रेजों के सामने घुटने नहीं टेके। उनका संघर्ष बताता है कि देश और समाज के सम्मान के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति सबसे बड़ी ताकत होती है। उनके विचारों और वीरता की गाथा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।
इस अवसर पर नागेंद्र सिंह, प्रकाश सिंह, विनोद सिंह, कपिल सिंह, अजय सिंह मुंशी जी, विकास सिंह, शिव कुमार सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट
