बिहटा।।
रेलवे के पुराने लोहे के स्क्रैप को चोरी-छिपे पटना ले जाकर बेचने की तैयारी थी, लेकिन बिहटा चौक पर पुलिस की चेकिंग ने इस कोशिश पर पानी फेर दिया। पुलिस को देखते ही पिकअप चालक बीच सड़क पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने स्क्रैप लदी पिकअप को जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को बिहटा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरा की ओर से आ रही पिकअप पर रेलवे का चोरी का लोहा लदा है, जिसे पटना ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने बिहटा चौक के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को देखकर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। तलाशी में पिकअप पर रेलवे का पुराना और कटा हुआ लोहे का स्क्रैप मिला। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि स्क्रैप को काटकर बेचने के लिए पटना ले जाया जा रहा था। वाहन नंबर के आधार पर मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

कलीम अंसारी की रिपोर्ट