दीघा विधायक संजीव चौरसिया की पहल पर आयोजित हुआ ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा समेत कई गणमान्य लोगों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

पटना। दीपावली की खुशियां केवल घरों और बाजारों की रोशनी तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों की याद में भी दीप जलाए गए। ऐतिहासिक सप्तमूर्ति शहीद स्मारक पर दीपों की कतार के बीच देशभक्ति और बलिदान की भावना देखने को मिली। दीपावली की पूर्व संध्या पर दीघा विधानसभा की ओर से ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर सप्तमूर्ति के सातों अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक सह दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के साथ दीप जलाकर वीर बलिदानियों को नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दीपावली की खुशियां उन वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान को याद किए बिना अधूरी हैं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अंग्रेजों की गोलियां खाईं, लेकिन अपने हाथों से राष्ट्रीय ध्वज को गिरने नहीं दिया। आजादी की लड़ाई में इन सातों वीरों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति में जलाया गया प्रत्येक दीप उनके प्रति हमारी श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र और प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

वहीं, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने शहीदों के बलिदान को याद करना समाज का नैतिक दायित्व बताया। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों का त्याग आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उनके आदर्शों को आत्मसात कर जनसेवा के संकल्प को मजबूत करना चाहिए।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, बिहार राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष देवेश कुमार समेत कई गणमान्य लोग और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। दीपों की रोशनी से जगमगाते शहीद स्मारक पर आयोजित इस कार्यक्रम ने दीपावली के उत्सव को देशभक्ति और शहीदों के सम्मान से जोड़ दिया।

ब्यूरो रिपोर्ट