वैकल्पिक रास्ते के बिना रेलवे ट्रैक पार करने का मार्ग बंद करने का विरोध, सैकड़ों महिला-पुरुष उतरे सड़क पर

फुलवारी शरीफ। आवागमन के लिए सुरक्षित वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराए बिना मौजूदा मार्ग बंद करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी मांग को लेकर मंगलवार को पटना-गया रेलखंड के कुरथौल-नत्थूपुर के पास सैकड़ों ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के विरोध के बीच रास्ता बंद करने के लिए रेलवे की जेसीबी मौके पर नहीं पहुंची।

कुरथौल बनस्थली स्कूल के पश्चिम रेलवे पटरी के पास जुटे गायत्री नगर, परशुरामचक, बढ़ई टोला और हरिजन टोला के महिला-पुरुषों ने नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि रेलवे ट्रैक के पश्चिमी हिस्से में बसे लोगों के लिए यह रास्ता आवागमन का प्रमुख साधन है। इसे बंद कर देने से हजारों लोगों को आने-जाने में परेशानी होगी।

समाजसेवी दिलीप पटेल और भाजपा नेता शिवजी यादव के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में ग्रामीणों ने कहा कि कुरथौल-नत्थूपुर रोड पर किलोमीटर 5/8-10 के पास अंडरपास स्वीकृत होने के बावजूद अब तक निर्माण नहीं हुआ है। न ही ऊपरी पुल या किसी अन्य सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है। ऐसे में मौजूदा रास्ते को बंद करना लोगों की परेशानी बढ़ाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पहले स्वीकृत अंडरपास का निर्माण कराया जाए। यदि इसका निर्माण संभव नहीं है तो ऊपरी पुल अथवा सुरक्षित वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराया जाए। इसके बाद ही वर्तमान मार्ग को बंद करने की कार्रवाई हो। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के रास्ता बंद किया गया तो वे रेल रोको आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

मंगलवार को जेसीबी नहीं पहुंचने के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया, लेकिन ग्रामीणों ने साफ कर दिया कि आवागमन की व्यवस्था किए बिना रास्ता बंद करने की कोशिश हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार