90 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति ने बदली स्कूल की तस्वीर, शीशाबाड़ी प्राथमिक विद्यालय बना मिसाल

धमदाहा। कभी ग्रामीणों के अपेक्षित सहयोग के अभाव में परेशानियों से जूझ रहा प्राथमिक विद्यालय शीशाबाड़ी अब बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था और छात्रों की नियमित उपस्थिति के लिए पहचान बना रहा है। विद्यालय में नामांकित बच्चों में नियमित रूप से 90 प्रतिशत से अधिक की उपस्थिति दर्ज हो रही है। शुक्रवार को भी विद्यालय में 91 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले।

विद्यालय में कुल 120 बच्चे नामांकित हैं, जबकि ई-शिक्षा रजिस्टर में करीब 100 विद्यार्थियों का विवरण दर्ज है। विद्यालय में विषयवार शिक्षकों के माध्यम से पढ़ाई कराने के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी जोर दिया जा रहा है। सामान्य ज्ञान, शारीरिक शिक्षा और बौद्धिक विकास से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मालती कुमारी ने बताया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए शिक्षक लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति नियमित रूप से 90 प्रतिशत से अधिक रहती है। ग्रामीणों के सहयोग से विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं में भी सुधार आया है।

हालांकि विद्यालय में अभी शौचालय और चारदीवारी की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद शिक्षकों की मेहनत और ग्रामीणों के सहयोग से विद्यालय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। पूर्व प्रधानाध्यापक टुनटुन कुमार भगत, विजय कुमार मिर्धा, पंकज कुमार प्रभाकर सहित अन्य शिक्षक भी विद्यालय की व्यवस्था सुधारने में जुटे हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार