रंगों के जरिए छात्राओं ने दिखाई कल्पनाशीलता, मुस्कान ग्रुप की रंगोली रही सबसे आकर्षक

बिहटा। बच्चों की प्रतिभा को पहचानने के लिए हमेशा किताबों और परीक्षा के अंकों का सहारा जरूरी नहीं होता। कभी रंगों की सजावट तो कभी कल्पनाओं से उकेरी गई आकृतियां भी उनकी सोच और हुनर को बयां कर देती हैं। कुछ ऐसा ही नजारा प्रखंड के किशुनपुर स्थित बिहटा पब्लिक स्कूल में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में देखने को मिला। यहां छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से जमीन पर उतारते हुए कला के प्रति अपनी रुचि और रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में विद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। अलग-अलग समूहों में छात्राओं ने रंगों के चयन, डिजाइन और आकर्षक आकृतियों के जरिए अपनी कलात्मक सोच प्रस्तुत की। किसी ने रंगों के सुंदर संयोजन से मनमोहक आकृति बनाई तो किसी ने बारीक सजावट के जरिए अपनी मेहनत और कल्पनाशीलता दिखाई।

प्रतियोगिता में मुस्कान ग्रुप ने अपनी प्रस्तुति से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं फैजा ग्रुप दूसरे और कुमारी श्रुति तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में गुंजन कुमारी, अंशु कुमारी, निशा कुमारी, निधि कुमारी, प्रिया कुमारी, चांदनी कुमारी, सोनी कुमारी, मोनी कुमारी, सोनाक्षी कुमारी, दृष्टि कुमारी, रिया कुमारी, रागिनी कुमारी, सुम्मी कुमारी और स्वीटी कुमारी सहित अन्य छात्राओं ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस मौके पर विद्यालय की निदेशिका डॉ. सोनी सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल बच्चों को पाठ्यक्रम तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनके भीतर छिपी प्रतिभा, आत्मविश्वास और मौलिक सोच को विकसित करना भी है। कला ऐसी विधा है, जिसके माध्यम से बच्चे बिना शब्दों के भी अपनी भावनाओं और विचारों को अभिव्यक्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी कल्पनाओं को साकार करने के साथ एक-दूसरे से सीखने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर देती हैं। विद्यालय का प्रयास है कि पढ़ाई के साथ बच्चों को ऐसे मंच भी मिलें, जहां वे अपनी अलग पहचान बना सकें।

ब्यूरो रिपोर्ट