
पटना में मिलर हाईस्कूल मैदान से मौन संकल्प पदयात्रा के जरिए अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश
पटना। सामाजिक सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के सवाल पर ब्राह्मण समाज को एक मंच पर लाने की पहल के तहत पटना के मिलर हाईस्कूल मैदान में मौन संकल्प पदयात्रा का आयोजन किया गया। लोक मंच की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के लोगों ने 15 सूत्री मांगों को सामने रखते हुए अपने अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग की।
कार्यक्रम में लोक मंच के संस्थापक आशीष बब्बू ने कहा कि ब्राह्मण समाज की भारतीय ज्ञान परंपरा, वेद-शास्त्रों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में किसी भी समुदाय के प्रति अपमानजनक टिप्पणी उचित नहीं है। उन्होंने समाज से जुड़े मुद्दों को संगठित और लोकतांत्रिक तरीके से उठाने पर जोर दिया।
पदयात्रा के दौरान ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन, समाज का सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण कराने, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को सुविधाएं उपलब्ध कराने, राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़ाने और भूमि से संबंधित समस्याओं के समाधान समेत 15 मांगें रखी गईं। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य समाज के लोगों को उनके अधिकारों और समस्याओं के प्रति जागरूक करना है।
विरोध नहीं, अधिकारों की बात
आयोजन के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि समाज की मांगें किसी अन्य समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि सम्मान, अवसर और भागीदारी सुनिश्चित करने से जुड़ी हैं। मौन संकल्प पदयात्रा को इसी दिशा में एक पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।
गांवों तक पहुंची आयोजन की चर्चा
पटना में हुए कार्यक्रम को लेकर धमदाहा क्षेत्र के गांवों में भी चर्चा होने की बात सामने आई है। उदय कांत झा, रविंद्र नाथ ठाकुर, नवीन झा, दीनानाथ झा, बिंदु झा, अशोक चौधरी, भावेश कांत झा और अभय कांत झा सहित अन्य लोगों के बीच आयोजन और समाज की मांगों को लेकर बातचीत हुई। स्थानीय लोगों ने सामाजिक मुद्दों को संगठित तरीके से उठाने की पहल पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार
