
पटना। बिहार के प्राथमिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना को एक नवंबर से बंद करने का शिक्षक संघ का ऐलान वापस हो गया है। छह महीने से बकाया राशि का भुगतान नहीं होने पर संघ ने यह चेतावनी दी थी। शुक्रवार को मध्याह्न भोजन निदेशक विनायक मिश्रा के साथ हुई वार्ता में भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद संघ ने अपना फैसला बदल दिया।

बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जयराम शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक से मुलाकात कर शिक्षकों की समस्याएं रखीं। निदेशक ने बताया कि अधिकांश जिलों में बकाया एमडीएम राशि भेज दी गई है। शेष जिलों में भी भुगतान की प्रक्रिया चल रही है और एक सप्ताह के भीतर सभी बकाया राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। वहीं, रसोइयों के तीन महीने का मानदेय भी खातों में भेजा गया है। पटना, नालंदा और नवादा में शेष भुगतान जल्द होगा।
ग्रामीण व छोटे वेंडरों को भी राहत देते हुए 40 लाख रुपये से कम वार्षिक टर्नओवर वालों को जीएसटी बिल के बिना भुगतान करने का आश्वासन दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष जयराम शर्मा ने कहा कि विभाग के सकारात्मक आश्वासन को देखते हुए एक नवंबर से एमडीएम बंद करने की घोषणा वापस ली गई है। प्रदेश सचिव आनंद मिश्रा ने कहा कि संघ को उम्मीद है कि विभाग तय समय में सभी बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित करेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट
