बिहटा।।
छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने घाटों की स्थिति का जायजा लेना शुरू कर दिया है। बुधवार को बिहटा प्रखंड और नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे अधिकारियों ने पानी की गहराई, सुरक्षा और उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जिन घाटों पर खतरे की आशंका है, वहां विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने नगर परिषद क्षेत्र के एयरफोर्स, श्रीरामपुर, समस्तु स्थान घाट सहित प्रखंड क्षेत्र के पथलौटिया सोन और माचा स्वामी सिकंदरपुर घाट का जायजा लिया। स्थानीय लोगों से भी घाटों की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से जलस्तर और खतरनाक स्थानों की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की।

अंचलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि संवेदनशील घाटों पर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। वहीं कार्यपालक पदाधिकारी गुरुशरण ने बताया कि छठ से पहले घाटों की कमियों को दूर कराया जाएगा। निरीक्षण में बीडीओ शिव जन्म राम, सहायक समाहर्ता दीपक कुमार सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

कलीम अंसारी की रिपोर्ट