
बिहटा में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पांच दिनों तक खाते से लगातार रुपये निकलते रहे और खाताधारक को इसकी भनक तक नहीं लगी। साइबर अपराधियों ने पंजाब एंड सिंध बैंक की बिहटा शाखा में रामकृष्ण नगर निवासी सिद्धनाथ शर्मा के खाते से 27 बार ट्रांजेक्शन कर करीब 1.70 लाख रुपये उड़ा लिए। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान उनके मोबाइल पर न कोई ओटीपी आया और न ही निकासी का कोई मैसेज या बैंक अलर्ट मिला।

पीड़ित को 10 नवंबर की पूर्वाह्न मोबाइल पर निकासी का मैसेज मिलने के बाद ठगी का पता चला। खाते में लगभग पूरी रकम खत्म देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल साइबर क्राइम कार्यालय को सूचना दी। वहां से शिकायत दर्ज कराने के बाद स्थानीय थाना और बैंक जाने की सलाह दी गई। बैंक प्रबंधन से शिकायत के बाद पीड़ित ने बिहटा थाने में लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से निकासी की रकम और उसके लाभार्थी खातों का पता लगाया जा रहा है।
कलीम अंसारी की रिपोर्ट
