
बिहटा के सदीसोपुर पंचायत में मद्य निषेध विभाग का आयोजन, मुखिया प्रतिनिधि कवि कुशवाहा ने कहा- नशामुक्त समाज के लिए हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी
बिहटा। नशे की लत सिर्फ एक व्यक्ति की जिंदगी को प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसी संदेश के साथ सोमवार को बिहटा के सदीसोपुर पंचायत में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। पंचायत के शिव मंदिर के पास मद्य निषेध विभाग की ओर से नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर ग्रामीणों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।

नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से दिखाया कि किस तरह नशे की आदत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसकी आर्थिक स्थिति और पारिवारिक रिश्तों को भी प्रभावित करती है। कलाकारों ने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और अपने घर-परिवार से इसकी शुरुआत करने की अपील की। कार्यक्रम देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी।

इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि कवि कुशवाहा ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी अभियान से संभव नहीं है, इसके लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित होने चाहिए। जब लोग नशे के दुष्परिणामों को समझेंगे और दूसरों को भी जागरूक करेंगे, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे खुद नशे से दूर रहें और अपने परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में पल्लव वर्मा, हाथी सिंह, शुभम कुमार, मनी कुमार और अविनाश कुमार उर्फ बॉबी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
कलीम अंसारी की रिपोर्ट
