
300 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा, योग को तनावमुक्त और बेहतर स्वास्थ्य का माध्यम बताया
पटना। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर में रविवार को सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एम्स पटना के स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में 300 से अधिक लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, संकाय सदस्य, छात्र-छात्राएं, कर्मचारी, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। लोगों ने योगासन और प्राणायाम के माध्यम से शरीर और मन को स्वस्थ रखने का संकल्प लिया।
इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई थी। कार्यक्रम में योग पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।

मुख्य अतिथि प्रभारी कार्यकारी निदेशक प्रो. डॉ. उमेश कुमार भदानी ने कहा कि योग सिर्फ शारीरिक अभ्यास नहीं बल्कि बेहतर और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। उन्होंने लोगों से नियमित योग को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. ब्रिगेडियर डॉ. राजू अग्रवाल ने अपने संदेश में योग को भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे स्वस्थ समाज के निर्माण का माध्यम बताया।
इस अवसर पर डीन प्रो. डॉ. पूनम प्रसाद भदानी, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रशांत कुमार सिंह, डॉ. कमलेश झा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
