ट्रेन परिचालन को रेल मंत्रालय की स्वीकृति, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रति जताया आभार

पटना। नेपाल के जनकपुरधाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट के बीच जल्द ही नई एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शुरू होगा। रेल मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 15595/15596 के परिचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस रेल सेवा से भगवान श्रीराम और माता जानकी की आस्था से जुड़े दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। इससे श्रद्धालुओं के साथ आम यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनकपुरधाम और अयोध्या भारत एवं नेपाल के करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र हैं। दोनों स्थलों के बीच रेल संपर्क शुरू होने से सदियों पुराने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई ट्रेन सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम होगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और भारत-नेपाल के नागरिकों के बीच संपर्क एवं संवाद के नए अवसर भी बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेल अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। बिहार की रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार लगातार कदम उठा रही है।