गौरीचक के सरफाबाद वेलदारीचक में पुलिस की कार्रवाई, वाहन से 84 बोतल विदेशी शराब बरामद


पटना। शराब तस्करी के लिए तस्करों ने अब चारपहिया वाहनों में भी छिपाने का इंतजाम कर रखा है। गौरीचक थाना क्षेत्र के सरफाबाद वेलदारीचक में बुधवार सुबह पुलिस ने एक ऐसे ही वाहन को पकड़ा, जिसमें विशेष रूप से बनाए गए गुप्त बॉक्स में विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। तलाशी के दौरान बॉक्स से 84 बोतल शराब बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 63 लीटर बताई गई है। पुलिस ने वाहन सवार मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे सूचना मिली थी कि एक चारपहिया वाहन से शराब की खेप ले जाई जा रही है। इसके बाद निरीक्षक नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरफाबाद वेलदारीचक में घेराबंदी कर बीआर 01 सीएच 6281 नंबर की गाड़ी को रोका। सामान्य तलाशी के दौरान वाहन में बने गुप्त बॉक्स का पता चला। उसे खोलने पर विदेशी शराब की बोतलें मिलीं।

गिरफ्तार मनीष कुमार संपतचक क्षेत्र के परना का निवासी है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। छापेमारी दल में राकेश कुमार, विवेक और पुरुषोत्तम कुमार भी शामिल थे।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार