
पांच राज्यों में एक साथ एसटीएफ की छापेमारी, तीन महिलाएं भी गिरफ्तार; 22 लाख नकद, 300 से अधिक एटीएम कार्ड और 100 से ज्यादा मोबाइल बरामद
पटना। ऑनलाइन सट्टेबाजी की आड़ में संगठित आर्थिक अपराध का नेटवर्क चलाने वाले गिरोह ने कई राज्यों में अपना जाल फैला रखा था। बिहार एसटीएफ ने बुधवार को इस नेटवर्क पर एक साथ कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना समेत 38 सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। कार्रवाई में पटना समेत पांच राज्यों में छापेमारी की गई।
पटना साइबर थाना कांड संख्या 1529/26 के तहत बिहार एसटीएफ ने पटना जिला पुलिस के साथ झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया। इसमें विभिन्न बैंकों की भी मदद ली गई। अब तक पटना जिले में सात, कोलकाता में दो, दिल्ली में तीन, गाजियाबाद में एक और रांची में एक ठिकाने पर छापेमारी की जा चुकी है।

एसटीएफ की जांच में सामने आया कि गिरोह ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइट www.Baliexch.com और इससे जुड़ी अन्य वेबसाइटों के माध्यम से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा था। इसके जरिए संगठित आर्थिक अपराध को अंजाम दिया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान गिरोह के सरगना की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपितों में कई का आपराधिक इतिहास भी मिला है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 22 लाख रुपये नकद, विभिन्न बैंकों के 300 से अधिक एटीएम कार्ड और 100 से ज्यादा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा पांच लैपटॉप, छह टैब, महंगी घड़ियां और करीब 500 ग्राम सोने-चांदी के जेवरात भी जब्त किए गए हैं।
एसटीएफ अब गिरोह के आर्थिक लेनदेन, ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क और विभिन्न राज्यों में इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। बरामद एटीएम कार्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी पड़ताल की जा रही है। गिरोह के अन्य ठिकानों पर छापेमारी और तलाशी अभियान जारी है। वरीय अधिकारी पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। एसटीएफ ने मामले में विस्तृत रिपोर्ट बाद में जारी करने की बात कही है।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
