
पटना। बेऊर थाना क्षेत्र के 70 फीट रोड स्थित सरिस्ताबाद में मंगलवार की रात किराये के कमरे से 40 वर्षीय संदीप कुमार का शव बरामद किया गया। वह शेयर बाजार में निवेश और कारोबार करता था। परिजनों के अनुसार, शेयर बाजार में उसकी 15 से 20 लाख रुपये से अधिक की रकम फंसी हुई थी। कारोबार में नुकसान के कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य छठ पर्व मनाने पैतृक गांव गए हुए थे और संदीप पटना में अकेले रह रहा था।
मृतक गया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जनकपुर निवासी स्वर्गीय देवशरण प्रसाद का पुत्र था। बताया जाता है कि परिवार के सदस्य कई दिनों से उससे फोन पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो रहा था। रांची में रहने वाला उसका मंझला भाई संकेत कुमार भी लगातार फोन कर रहा था। संपर्क नहीं होने पर उसने संदीप के दोस्त मनीष वर्मा से उसके कमरे पर जाकर पता लगाने का आग्रह किया।
मंगलवार की रात मनीष सरिस्ताबाद स्थित उसके किराये के मकान पर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। मोबाइल पर लगातार कॉल करने के बाद भी जवाब नहीं मिलने पर उसने मकान मालिक और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची बेऊर थाना की पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो कमरे में संदीप का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था संदीप
परिजनों के अनुसार, संदीप तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई संजय जमीन के कारोबार से जुड़े हैं, जबकि मंझले भाई संकेत प्लाईवुड का कारोबार करते हैं। संदीप शेयर बाजार में निवेश और कारोबार करता था। हाल के दिनों में कारोबार में हुए नुकसान और बड़ी रकम फंसने से वह परेशान था। वह कुछ समय पहले ही किराये का मकान बदलकर सरिस्ताबाद में रहने आया था।
संदीप अपने पीछे पत्नी अनुपमा वर्मा उर्फ नेहा, 11 वर्षीय बेटा और नौ वर्षीय बेटी को छोड़ गया है। पत्नी गृहिणी हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन गया से पटना पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव पैतृक गांव ले जाया गया, जहां विष्णुपद घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में शेयर बाजार में 15 से 20 लाख रुपये से अधिक की रकम फंसने और नुकसान के कारण तनाव में रहने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
