राघोपुर के रुस्तमपुर में हेलीपैड और जाफरपट्टी में मुख्य कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, अधिकारियों को यातायात, सुरक्षा और पार्किंग की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश

पटना। कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल अब नीतीश सेतु के नाम से जाना जाएगा। 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका लोकार्पण कर जनता को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वैशाली पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने राघोपुर के रुस्तमपुर में बनाए गए हेलीपैड, पुल के पिलर संख्या 23 और 24 के बीच प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल तथा जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र के जाफरपट्टी स्थित मुख्य सभा स्थल का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राघोपुर सहित यह पूरा इलाका लंबे समय तक विकास से अछूता रहा था। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया। छह लेन पुल का डीपीआर 2012 में तैयार हुआ था और 2015 में नीतीश कुमार ने इसके निर्माण कार्य की शुरुआत कराई थी। वर्ष 2026 में इसका निर्माण पूरा हुआ है। उन्होंने पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की है। यह उनके प्रति सरकार का छोटा सा सम्मान है।
बैठक में वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रधानमंत्री के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम, हेलीपैड, पार्किंग, प्रवेश द्वार और यातायात प्रबंधन की जानकारी दी। वहीं, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की तैयारियों से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्था पूरी करने को कहा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, जिलाधिकारी वर्षा सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा समेत कई जनप्रतिनिधि और वरीय अधिकारी मौजूद थे।

ब्यूरो रिपोर्ट