फुलवारीशरीफ। थाने में हथकड़ी पहनाकर तस्वीर खिंचवाने के बाद पुलिसकर्मी जिस आरोपित को जेल भेजने की तैयारी कर रहे थे, वह उन्हीं की आंखों के सामने फरार हो गया। गुरुवार दोपहर ऑटो पर बैठाने के दौरान मोबाइल चोरी के आरोपित ने ऐसा मौका देखा कि हथकड़ी समेत भाग निकला। उसे पकड़ने के लिए करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी दौड़े, लेकिन सफलता नहीं मिली। थाने से आरोपित के फरार होने की घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई।

फरार आरोपित की पहचान ईसापुर निवासी मोहम्मद शाहरुख के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बुधवार देर रात मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उस पर मोबाइल चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने का आरोप सामने आया था। गुरुवार दोपहर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही थी। पुलिसकर्मी हथकड़ी पहनाकर उसकी तस्वीर ले रहे थे। इसके बाद उसे ऑटो पर बैठाया जा रहा था। इसी दौरान वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला।
आरोपित के फरार होते ही पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़े, लेकिन उसे पकड़ नहीं सके। घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
एसडीपीओ उमेश्वर चौधरी ने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही घटना में हुई सुरक्षा संबंधी चूक की भी जांच की जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार