
बिहटा। आपदा में परिवार के सदस्य को खोने वाले चार परिवारों को गुरुवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। बिहटा अंचल कार्यालय में अंचलाधिकारी राकेश कुमार सिंह और प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष कृशानु देव शांडिल्य ने आपदा राहत कोष से प्रत्येक परिवार को चार-चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया। सहायता राशि पाने वालों में कटेसर गांव निवासी पूजा देवी, समस्तु स्थान निवासी श्याम बिहारी राय, दौलतपुर सिमरी गांव निवासी सुलेखा देवी और दोघरा गांव निवासी अरुण यादव शामिल हैं। अंचलाधिकारी ने बताया कि बिहटा प्रखंड के विभिन्न गांवों के इन चार परिवारों को आपदा राहत के तहत सहायता राशि दी गई है। इनमें डूबने से हुई मौत सहित विभिन्न आपदाओं से जुड़े मामले शामिल हैं। लंबे समय तक आर्थिक संकट से जूझने वाले पीड़ित परिवारों को सहायता राशि मिलने से कुछ राहत मिलेगी। इस मौके पर अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
रिपोर्ट: कलीम अंसारी
