फुलवारीशरीफ। फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में 22 वर्षीय युवक ओमप्रकाश उर्फ खाजा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अपराधियों ने उसे घर से बुलाया और पहले लोहे के रॉड, डंडे और अन्य हथियारों से जमकर पिटाई की। इसके बाद कनपटी और पेट में एक-एक गोली मार दी। गुरुवार की सुबह गांव के बाहर मुर्गी फार्म के पास खेत में उसका खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर कई जगह गंभीर जख्म के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि गोली मारने से पहले उसे बुरी तरह प्रताड़ित किया गया था। घटना के बाद से आलमपुर गांव में तनाव और चर्चाओं का माहौल है। मृतक की मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर छानबीन शुरू की। फुलवारी शरीफ डीएसपी-2 उमेश्वर चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए जांच में जुट गए। फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेज दिया। मृतक के हाथ में एक जिंदा कारतूस भी मिला है। सिर के पीछे और कनपटी के पास जख्म के निशान हैं। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें मिली हैं। शव जिस जगह मिला, वहां खून के निशान नहीं मिलने से पुलिस को आशंका है कि हत्या कहीं दूसरी जगह करने के बाद शव को खेत में लाकर फेंका गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के दोस्तों के साथ रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया है। परिजनों ने अविनाश कुमार समेत गांव के ही चार युवकों के नाम पुलिस को बताए हैं। सभी मृतक के दोस्त बताए जा रहे हैं। मृतक ओमप्रकाश के भाई राजकुमार उर्फ राजा ने इन्हीं लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, रुपये की कितनी राशि का लेनदेन था और किस बात को लेकर विवाद हुआ था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।

थानाध्यक्ष गुलाम मोहम्मद शाहबाज आलम ने बताया कि मृतक के पास से दो मोबाइल फोन मिले हैं। दोनों मोबाइल का कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। इससे पता लगाने की कोशिश होगी कि हत्या से पहले ओमप्रकाश की किन लोगों से बातचीत हुई थी और आखिरी बार किसने उसे फोन कर बुलाया था। परिजनों के अनुसार, वह बुधवार की रात करीब 11 बजे घर से निकला था। इसके बाद वह कहां गया और किसके बुलाने पर निकला, इसकी जानकारी परिवार के लोगों को भी नहीं है। पुलिस उसके दोस्तों और करीबियों से पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि रुपये के लेनदेन के विवाद के अलावा क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद और प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार की भी तलाश की जा रही है।

इधर, आरोपी युवकों से पूछताछ के बाद इस हत्याकांड में मृतक के बड़े भाई राजकुमार उर्फ राजा की भूमिका भी पुलिस जांच के घेरे में आ गई है। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि राजकुमार पर करीब 70 लाख रुपये का कर्ज था। वह जुए में अपनी हिस्से की जमीन बेच चुका था और अब छोटे भाई ओमप्रकाश की जमीन पर उसकी नजर थी। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश के पिता विशुनदेव राय की मौत के बाद उनकी पत्नी ने दोनों बेटों राजकुमार और ओमप्रकाश के बीच संपत्ति का बंटवारा कर दिया था। बताया जाता है कि राजकुमार जुआ खेलने का आदी था और उसने जुए में अपनी पूरी जमीन गंवा दी थी। इसके बाद उस पर करीब 70 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। वहीं, छोटे भाई ओमप्रकाश ने अपने हिस्से की जमीन नहीं बेची थी। आरोप है कि राजकुमार लगातार उस पर भी जमीन बेचने का दबाव बना रहा था।

ग्रामीणों से पुलिस को गोपनीय सूचना मिली है कि जमीन को लेकर चार दिन पहले भी घर में दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान राजकुमार ने ओमप्रकाश की पिटाई की थी। शव की जांच में पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर मिले चोट के निशान को भी इस विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे दोस्तों के साथ रुपये का विवाद था या पारिवारिक संपत्ति और जमीन का मामला। दोनों पहलुओं के साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है।

ओमप्रकाश उर्फ खाजा स्व. विशुनदेव राय का छोटा बेटा था। उसके बड़े भाई का नाम राजा कुमार है, जिसकी उम्र करीब 28 वर्ष है। ओमप्रकाश इंटर पास करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। गांव के लड़कों ने बताया कि वह पढ़ने में अच्छा था और क्रिकेट भी बढ़िया खेलता था। उसका स्वभाव मिलनसार था और वह गांव में बहुत कम लोगों से विवाद करता था। ग्रामीणों को भी समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर उसकी हत्या किस विवाद में कर दी गई। मृतक के पिता की कोरोना काल में ही मौत हो गई थी। बेटे की हत्या की खबर मिलते ही मां और बड़े भाई समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटनास्थल पर पहुंची परिवार की महिलाएं दहाड़ मारकर विलाप करने लगीं। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। गांव में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहकीकात पूरी हो जाने के बाद पूरी स्थिति का खुलासा करते हुए हत्याकांड का उद्भेदन कर दिया जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार