
फुलवारी शरीफ:
लंबे इंतजार और संघर्ष के बाद फुलवारी प्रखंड के 84 भूमिहीन गरीब परिवारों को आखिरकार उनकी जमीन का पर्चा मिल गया। वर्ष 2014 में तैयार किए गए तीन-तीन डिसमिल जमीन के पर्चे अब सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभुकों तक पहुंचने लगे हैं।
बताया जाता है कि पर्चा बनने के बावजूद स्थानीय दबाव और प्रभावशाली लोगों के विरोध के कारण गरीब परिवारों को उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा था। इसको लेकर भाकपा माले लगातार आंदोलन कर रही थी।
भाकपा माले के प्रखंड सचिव गुरुदेव दास ने बताया कि भूमिहीन परिवारों के अधिकार के लिए पार्टी ने आंदोलन तेज किया था। इसी क्रम में 14 जून को पटना जिलाधिकारी के साथ प्रतिनिधिमंडल की वार्ता हुई, जहां समस्या के समाधान का भरोसा दिया गया था।
जिलाधिकारी के निर्देश पर फुलवारी अंचल में प्रक्रिया पूरी कर 84 परिवारों का सत्यापन कराया गया। इनमें खड़िहा मुसहरी के 41, पलगा मुसहरी के 22, हसनपुरा मुसहरी के 18 और निहुरा मुसहरी के 3 परिवार शामिल हैं।
भाकपा माले ने जिलाधिकारी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि गरीबों को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में यह बड़ा कदम है। हालांकि पार्टी ने कहा कि भूमिहीन परिवारों के हक की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी और सभी पात्र लोगों को जमीन दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
