
पटना। राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने बिहार में युवा संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश युवा प्रकोष्ठ की कमिटी में कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा और प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह की सहमति से युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. चन्दन कुमार यादव ने प्रदेश स्तरीय कमिटी का मनोनयन किया है। इसमें वैशाली के आलोक कुशवाहा को कार्यकारी अध्यक्ष, पटना के प्रतीक कुशवाहा को प्रधान महासचिव तथा जहानाबाद के नीतीश कुमार सिन्हा उर्फ नीतीश यादव, गया के आकाश चंद्रवंशी और गोपालगंज के डॉ. विवेक कुशवाहा को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। कमिटी में अन्य पदों पर भी नेताओं का मनोनयन किया गया है।
पार्टी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि पदाधिकारियों की राजनीतिक एवं सामाजिक सक्रियता तथा पार्टी और नेतृत्व के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें जिम्मेदारी दी गई है। सभी प्रदेश पदाधिकारियों को अपने गृह जिले के जिला अध्यक्ष के साथ समन्वय स्थापित कर पार्टी के कार्यक्रमों और नीतियों को आगे बढ़ाने तथा निर्धारित बैठकों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रधान महासचिव बनाए गए प्रतीक कुशवाहा ने नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। युवाओं को संगठन से जोड़ना, उनकी समस्याओं और सुझावों को नेतृत्व तक पहुंचाना तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने कहा कि राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जाएगा।
पंचायत चुनाव को लेकर भी उन्होंने युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की बात कही। कहा कि अधिक से अधिक युवा पंचायत चुनाव में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें, इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर प्रयास किया जाएगा। पंचायत स्तर तक युवाओं को संगठन से जोड़ना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना भी प्राथमिकता रहेगी।
प्रतीक कुशवाहा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश कुशवाहा, प्रधान महासचिव माधव आनंद, प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत पंकज, सुभाष चन्द्रवंशी, प्रदेश प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल और युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. चन्दन कुमार यादव के प्रति आभार जताया।
नई जिम्मेदारी मिलने पर जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र कुशवाहा, प्रदेश प्रवक्ता सिम्मी कुमारी, चंदन मौर्या, आदित्य वर्मा, अभिषेक कुशवाहा, कृष्णा जी समेत सैकड़ों समर्थकों ने प्रतीक कुशवाहा को बधाई और शुभकामनाएं दीं। समर्थकों ने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी के साथ वे संगठन को और मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
ब्यूरो रिपोर्ट निशांत कुमार
