
फुलवारी शरीफ। जमीन कारोबारी गोलू हत्याकांड में करीब एक महीने से फरार चल रहे तीन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने अब उनके घर इश्तहार चिपकाया है। न्यायालय के आदेश पर सोमवार को पुलिस टीम ने मित्र मंडल कॉलोनी, बलमीचक और बेऊर स्थित आरोपियों के आवास पर इश्तहार लगाया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की चेतावनी दी है। इसके बाद भी हाजिर नहीं होने पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

करौड़ीचक गांव में 17 अगस्त की शाम जमीन कारोबारी गोलू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई ने फुलवारी शरीफ थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने गोलू के दोस्त मंटू कुमार, सत्येंद्र कुमार और अजय कुमार की संलिप्तता सामने आने की बात कही।
तीनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली। सोमवार को मंटू कुमार के मित्र मंडल कॉलोनी स्थित आवास, अजय कुमार के बलमीचक स्थित घर और सत्येंद्र कुमार के बेऊर स्थित आवास पर इश्तहार चिपकाया गया।
फुलवारी शरीफ थानाध्यक्ष गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि तीनों आरोपी फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। न्यायालय के आदेश पर इश्तहार चिपकाया गया है। इसके बाद भी आरोपी उपस्थित नहीं हुए तो कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
