किरायेदार के बाहर जाते ही चोरों ने तोड़े ताले, अलमारी खंगाली और फर्नीचर तक किया क्षतिग्रस्त

पटना। गौरीचक थाना क्षेत्र के पलाकी गांव में चोरों ने एक बंद पड़े तीन मंजिला मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्टेट हाईवे-1 के किनारे स्थित इस मकान में रहने वाले किरायेदार और संबंधी 15 जून को पटना शहर गए थे। इसी दौरान मौका पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और एक-एक कमरे की तलाशी ली।
चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़कर सोने की अंगूठी समेत करीब 80 हजार रुपये के गहने और लगभग 1.70 लाख रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, जाते-जाते चोरों ने घर के फर्नीचर, दरवाजे और चौखट को भी नुकसान पहुंचाया।

शनिवार शाम जब परिवार के लोग वापस लौटे तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सभी कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां टूटी हुई थीं। घटना की सूचना मिलते ही मकान मालिक रंजीत कुमार उर्फ लल्लू सिंह मौके पर पहुंचे और गौरीचक थाना में शिकायत दर्ज कराई।
मकान मालिक ने बताया कि उनके जीवन में चोरी की यह पहली बड़ी घटना है। उन्होंने कहा कि चोरों ने घर के हर हिस्से को खंगाला है।
वहीं गौरीचक थाना पुलिस ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस चोरों की पहचान के लिए जांच कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार