
सेवानिवृत्त विद्युत अभियंता के फ्लैट पर चोरों का धावा, सात लाख के गहने और नगदी लेकर फरार; पुलिस फुटेज के सहारे तलाश में जुटी
पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के डोमनचक स्थित साईं डोमा इनक्लेव में चोरों ने बंद पड़े एक फ्लैट को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। खास बात यह है कि चोरी की पूरी वारदात अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान में जुटी है।

बताया जाता है कि विद्युत विभाग से सेवानिवृत्त सहायक अभियंता प्रदीप कुमार राय का फ्लैट कई दिनों से बंद था। बच्चों की पढ़ाई के कारण वह अपने परिवार के साथ पटेल नगर में रह रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने फ्लैट के मुख्य गेट और दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए।
चोरों ने घर की अलमारियों को तोड़कर करीब सात लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 55 हजार रुपये नगद, बैंक से जुड़े कागजात, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेक बुक, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए।

19 जून की सुबह अपार्टमेंट के लोगों ने फ्लैट का ताला टूटा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना प्रदीप कुमार राय को दी गई। मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉक टूटे हुए थे।
पीड़ित ने बताया कि चोरी से आर्थिक नुकसान के साथ-साथ महत्वपूर्ण दस्तावेजों के गायब होने से परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने पुलिस से जल्द सामान बरामद करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना की सूचना पर गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
