
डीएम और डीडीसी को आवेदन देकर ग्रामीण ने अनियमितता का लगाया आरोप, अधिकारियों ने जांच का दिया आश्वासन
खगड़िया। बेलदौर प्रखंड के दिघौन पंचायत स्थित पंचायत भवन सह सामुदायिक भवन की चहारदीवारी निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे हैं। पंचायत की एक ग्रामीण ने जिला प्रशासन को आवेदन देकर निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

दिघौन पंचायत निवासी गौरी देवी ने जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त को दिए आवेदन में कहा है कि चहारदीवारी का निर्माण सरकारी राशि से कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। आवेदन में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि ग्रामीणों की ओर से आपत्ति जताने पर उन्हें धमकी भी दी गई। आवेदन में कुछ जनप्रतिनिधियों के नाम का उल्लेख करते हुए मामले की जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।


इधर, उप विकास आयुक्त कार्यालय ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए जाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि निर्माण कार्य में अनियमितता की पुष्टि होती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट सुदर्शन कुमार
