
पटना में बेटी के घर से निकलीं, फिर नहीं लौटीं; मानसिक अवसाद से थीं पीड़ित, पुलिस ने शुरू की तलाश
पटना। शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र से एक 55 वर्षीय महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। नवादा जिले की रहने वाली पूनम देवी पिछले छह दिनों से गायब हैं। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पूनम देवी नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सिमरी गांव निवासी उमेश सिंह की पत्नी हैं। वर्तमान में वह अपनी बेटी के साथ पटेल नगर रोड नंबर-13, शास्त्रीनगर में रह रही थीं।
परिजनों के मुताबिक, पूनम देवी पिछले कुछ समय से मानसिक अवसाद से जूझ रही थीं और उनका इलाज कंकड़बाग के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. मुनीष कुमार से चल रहा था। 15 जून की सुबह करीब 6:10 बजे से 8 बजे के बीच वह बिना किसी को बताए घर से निकल गईं, जिसके बाद वापस नहीं लौटीं।
परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो शास्त्रीनगर थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
लापता महिला की पहचान के लिए पुलिस और परिजनों ने बताया है कि उनका रंग सांवला, कद करीब पांच फीट दो इंच और शरीर भारी है। उनके होंठ पर कटे का निशान है। वह हिंदी और मगही भाषा बोलती हैं।
घर से निकलते समय उन्होंने आसमानी रंग की कुर्ती, साकी रंग का सलवार, सफेद दुपट्टा और चप्पल पहन रखी थी। उनके पास आधार कार्ड, पैन कार्ड और इलाज से जुड़े कुछ कागजात भी थे।
शास्त्रीनगर थाना में कांड संख्या 508/26 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को पूनम देवी के बारे में कोई जानकारी मिले तो मोबाइल नंबर 9102156454 या 9642598489 पर सूचना दें।
परिवार को उम्मीद है कि पुलिस और आम लोगों के सहयोग से पूनम देवी को जल्द सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
