
फुलवारी शरीफ। हिंदुनी स्थित तक्षशिला कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बुधवार को “शिक्षकों एवं छात्रों के मनोवैज्ञानिक मुद्दों की समझ और प्रबंधन” विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों और प्रशिक्षु छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गंभीर चर्चा हुई।
कार्यशाला की मुख्य वक्ता प्रख्यात मनोवैज्ञानिक एवं पेशेवर काउंसलर डॉ. तमन्ना अनवर ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए तनाव, मानसिक दबाव, भावनात्मक असंतुलन और व्यवहारिक चुनौतियों जैसे मुद्दों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समय रहते इन समस्याओं की पहचान और उनका सही प्रबंधन बेहद जरूरी है, ताकि व्यक्ति अपने व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में संतुलन बनाए रख सके।
इंटरैक्टिव सत्र के दौरान प्रतिभागियों को अपनी समस्याएं साझा करने का अवसर दिया गया। छात्रों और शिक्षकों ने खुलकर अपने अनुभव रखे, जिस पर विशेषज्ञ द्वारा व्यावहारिक समाधान सुझाए गए। साथ ही मानसिक रूप से सशक्त बनने, सकारात्मक सोच विकसित करने और आत्मनियंत्रण बनाए रखने के कई उपयोगी उपाय भी बताए गए।
महाविद्यालय के निदेशक इकबाल हसन ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में मानसिक मजबूती उतनी ही आवश्यक है जितनी शैक्षणिक दक्षता। वहीं प्राचार्य डॉ. सविता सिन्हा ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मानसिक रूप से स्वस्थ और जागरूक वातावरण की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में दोनों सत्रों के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी बताया। अंत में शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
