
पटना। राजधानी के परसा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरथौल स्थित पटना–पुनपुन–गया मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर एक विवाह बैंक्वेट हॉल में अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। पिलर संख्या 46 के समीप स्थित इस हॉल में आग लगने की आशंका शॉर्ट सर्किट से जताई जा रही है। कुछ ही देर में लपटें इतनी तेज हो गईं कि पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया।
सौभाग्य से घटना के समय बैंक्वेट हॉल में कोई कार्यक्रम निर्धारित नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय शादी या अन्य आयोजन चल रहा होता, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों और घरों में रहने वाले लोग दहशत में आ गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। इसी बीच तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। तेज हवा ने शुरुआती दौर में आग को भड़काया, लेकिन बाद में बारिश ने आग के फैलाव को सीमित करने में कुछ राहत भी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। परसा बाजार थाना पुलिस, अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयास से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक हॉल में रखा फर्नीचर, सोफा, जनरेटर, पंडाल सहित अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
आग बुझाने के दौरान कुछ दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के हल्के रूप से झुलसने की भी सूचना है, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
प्राथमिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और मुख्य सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
