पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। घटना कोइलवर पुल के समीप परेव इलाके की है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान भोजपुर जिले के इब्राहिमनगर थाना क्षेत्र निवासी उपेंद्र यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह किसी कार्य से जा रहे थे, तभी अचानक पीछे से आए वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं और मामले की जांच की जा रही है।

निशांत कुमार की रिपोर्ट