
फुलवारी शरीफ प्रखंड में कनेक्टिविटी सुधार की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए रविवार को 3.7 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण योजना की शुरुआत की गई। “सुलभ संपर्कता योजना” के तहत बनने वाली इस सड़क पर करीब 4 करोड़ 82 लाख 27 हजार 900 रुपये खर्च किए जाएंगे।
पटना-डोभी मार्ग से बेतौरा रामसेवक सिंह रोड तक बनने वाली इस परियोजना का शुभारंभ स्थानीय विधायक श्याम रजक ने किया। यह कार्य ग्रामीण कार्य विभाग, दानापुर प्रमंडल की देखरेख में बिहार राज्य ग्रामीण पथ विकास एजेंसी के सहयोग से कराया जा रहा है।

इस सड़क के निर्माण के बाद एम्स पटना जाने वाले मरीजों और आम लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। अभी तक इस मार्ग पर आवागमन में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
शुभारंभ के मौके पर विधायक ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियाद होती हैं। उन्होंने इसे जनता के भरोसे से जुड़ा प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। साथ ही यह भी बताया कि निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम से पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने विधायक का स्वागत किया। इस मौके पर जदयू के कई नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
