पटना के खगौल इलाके में मादक पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लगातार मिल रही गुप्त सूचनाओं के आधार पर सक्रिय खगौल पुलिस ने शुक्रवार को छोटी खगौल के चिकटोली इलाके में छापेमारी कर एक संदिग्ध कारोबारी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुन्‍ना उर्फ इमरान के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने उसके घर की तलाशी के दौरान करीब 2 किलो 68 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा मौके से 3 लाख 31 हजार 200 रुपये नकद भी जब्त किए गए, जिसे पुलिस अवैध कारोबार से जुड़ी कमाई मान रही है।
थानाध्यक्ष रंजन कुमार के अनुसार, इलाके में लंबे समय से मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी कड़ी में गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। खगौल पुलिस का कहना है कि इलाके में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

ब्यूरो रिपोर्ट