
पटना के खगौल इलाके में पैसे के लेन-देन को लेकर हुए गोलीकांड में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। इस मामले के मुख्य आरोपी मुनचुन कुमार उर्फ राकेश कुमार ने पुलिस की लगातार दबिश के चलते शनिवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। अब खगौल थाना पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल को नवरत्नपुर स्थित रामजानकी मंदिर के पास इंद्रदेव प्रसाद पर बदमाशों ने फायरिंग कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद घायल के बेटे की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पहले ही एक आरोपी बब्लू कुमार उर्फ आनंद कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वह जमालुद्दीनचक का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।
इधर, लगातार बढ़ती पुलिस कार्रवाई और संभावित गिरफ्तारी के दबाव में मुख्य आरोपी मुनचुन कुमार ने आखिरकार कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और सरेंडर कर दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उसके खिलाफ भी पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें फुलवारीशरीफ और खगौल थाने के केस शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद इस गोलीकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका का भी खुलासा किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच तेजी से जारी है।
ब्यूरो रिपोर्ट
