नालंदा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को नालंदा जिले के सरमेरा प्रखंड स्थित प्रणावां गांव में “श्री श्री 108 श्री शरण निवास बाबा महतो साहब राजकीय मेला-2026” का भव्य शुभारंभ किया। उद्घाटन से पूर्व उन्होंने बाबा महतो साहब मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रणावां स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नामकरण बाबा महतो साहब के नाम पर किया जाएगा। साथ ही मेला परिसर के लिए जमीन अधिग्रहण, प्रेक्षागृह के विकास और मुख्य सड़क से बेहतर संपर्क मार्ग के निर्माण की भी बात कही, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा महतो साहब ने करीब 800 वर्ष पूर्व समाज में भाईचारा, सद्भाव और धर्मज्ञान का संदेश दिया, जिसे आज अपनाने की जरूरत है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा मेला को राजकीय दर्जा देने और राज्य में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की सराहना की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और समृद्ध बिहार के विजन को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 19 मई से “सहयोग शिविर” अभियान शुरू होगा, जिसके तहत हर पंचायत में महीने में दो दिन कैंप लगाकर ब्लॉक, अंचल और थाना से संबंधित समस्याओं का तय समय सीमा में समाधान किया जाएगा। उन्होंने बहन-बेटियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि स्कूल-कॉलेजों के आसपास पुलिस की विशेष तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने राज्य के सभी 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोलने की योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इन स्कूलों में गरीब से लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बच्चे भी पढ़ेंगे। साथ ही सरकार 1 करोड़ रोजगार सृजन के लक्ष्य और 20 नवंबर तक 5 लाख करोड़ रुपये निवेश लाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, विधायक श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, शंभू शरण पटेल समेत कई जनप्रतिनिधियों ने संबोधित किया। मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गणमान्य लोग और अधिकारी उपस्थित रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट