फुलवारी शरीफ। राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में रसोई गैस की किल्लत ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। चार दिनों से सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज सैकड़ों उपभोक्ता रविवार को सड़क पर उतर आए और बोचाचक के पास फुलवारीशरीफ-एम्स मुख्य मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कई घंटों तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्थानीय एचपी गैस एजेंसी द्वारा लगातार उपभोक्ताओं को गैस लेने के लिए बुलाया जा रहा है, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद भी सिलेंडर नहीं दिया जा रहा। इससे लोगों में भारी आक्रोश है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस के अभाव में घरों में चूल्हा ठंडा पड़ गया है और कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी या अन्य विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है।
लोगों ने एजेंसी पर मनमानी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया।
फुलवारीशरीफ थाना प्रभारी गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि गैस एजेंसी संचालक से बात की गई है और जल्द ही सिलेंडर की खेप पहुंचने वाली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस की निगरानी में पारदर्शी तरीके से वितरण कराया जाएगा।
प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। हालांकि, स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नियमित आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

अजीत कुमार की रिपोर्ट