
बिहटा। बच्चों की कल्पनाओं को जब रंग और कूची मिली तो कागज पर उनकी रचनात्मक प्रतिभा जीवंत हो उठी। बिहटा नगर के राघोपुर स्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद टीपन मुआर माध्यमिक विद्यालय में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की आकर्षक पेंटिंग देखकर उपस्थित लोगों ने उनकी सराहना की।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को कपिला पशु आहार परिवार की ओर से कॉपी और स्कूल बैग देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन धर्मेंद्र कुमार के निर्देशन में हुआ। इस मौके पर वार्ड पार्षद ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा देखकर खुशी हुई। ऐसे आयोजन से उनका मनोबल बढ़ता है और आगे बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है।

मौके पर बिहटा प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष कृषानु देव शांडिल्य, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय कुमार, समाजसेवी निशांत शांडिल्य सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
रिपोर्ट कलीम अंसारी




