वैशाली। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं को बिहार की बौद्ध विरासत से रूबरू कराया जाएगा। इसके लिए उन्हें बोधगया, राजगीर और केसरिया समेत प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने की योजना तैयार की जा रही है। 11 से 13 दिसंबर तक वैशाली में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सम्मेलन के उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बौद्ध देशों से आने वाले प्रतिनिधियों के आवासन, भोजन, परिवहन और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था हो। विदेशी मेहमानों के सुगम आवागमन के लिए ई-बस चलाने तथा उनके देशों के प्रतिनिधियों से लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए विशेष टीम गठित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने अभिषेक पुष्करणी तालाब का सौंदर्यीकरण कराने और वहां विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाकर मेले जैसा स्वरूप विकसित करने का निर्देश दिया। साथ ही आयोजन में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने वैशाली में स्थायी हेलीपैड बनाने के साथ ही बिहार के महत्वपूर्ण पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर भी स्थायी हेलीपैड विकसित करने की योजना तैयार करने को कहा। परिसर तक पहुंचने वाली सड़कों को दुरुस्त करने और विशेष ट्रैफिक प्लान बनाने का निर्देश दिया, ताकि आयोजन के दौरान जाम की समस्या नहीं हो। आसपास के गांवों और संपर्क पथों पर भी साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।