लक्ष्य से पिछड़ने वाले जिलों से मांगा जाएगा जवाब, 36 जिलों के 444 अंचलों में चल रहा सर्वेक्षण

पटना। बिहार में विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने निगरानी व्यवस्था सख्त करने का निर्णय लिया है। अब विभागीय मंत्री हर महीने सर्वेक्षण की प्रगति की समीक्षा करेंगे, जबकि सर्वे निदेशालय के नोडल पदाधिकारी सभी जिलों के कामकाज पर प्रतिदिन नजर रखेंगे। निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले पीछे रहने वाले जिलों से जवाब भी मांगा जाएगा।

बुधवार को शास्त्रीनगर स्थित राजस्व सर्वेक्षण प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागीय मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अधिकारियों को यह निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण की सफलता केवल काम पूरा करने के आंकड़ों से नहीं, बल्कि हर महीने निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध हुई प्रगति से तय होगी। इससे कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलों की पहचान कर समय रहते सुधार किया जा सकेगा।

मंत्री ने सर्वे निदेशालय के नोडल पदाधिकारियों को आवंटित जिलों से प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट लेने और मुख्यालय को इसकी जानकारी देने को कहा। उन्होंने बंदोबस्त अधिकारियों को भी अपने अधीनस्थ कर्मियों के कामकाज की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यों की गति बढ़ाने के साथ सर्वेक्षण की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

मंत्री ने कहा कि विशेष भूमि सर्वेक्षण का उद्देश्य भू-अभिलेखों को स्पष्ट और अद्यतन बनाने के साथ जमीन से जुड़े विवादों का स्थायी समाधान करना है। इससे न्यायालयों में भूमि विवाद के मुकदमों का बोझ कम होगा और थानों में जमीन संबंधी विवादों से उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर भी अंकुश लगेगा। आम लोगों को बैंक ऋण, निवास एवं दखल-कब्जा प्रमाण पत्र तथा पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे में भी सहूलियत मिलेगी।

विभाग के सचिव जय सिंह ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने और गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत दी। भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत ने बताया कि दूसरे चरण में राज्य के 36 जिलों के 444 अंचलों के 37,430 मौजों में सर्वेक्षण कार्य चल रहा है। इसके तहत 8 करोड़ 70 लाख 24 हजार 440 खेसरों का सर्वेक्षण किया जाना है। इस कार्य में 6,772 अमीन लगाए गए हैं।

बैठक में सचिव सीमा त्रिपाठी, सहायक निदेशक सुबोध कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश सहित सभी जिलों के बंदोबस्त पदाधिकारी मौजूद रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट