
बिहटा। आईआईटी पटना में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र कार्य विभाग की ओर से आयोजित समारोह में संस्थान के संकाय सदस्यों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। कार्यक्रम के दौरान संविधान सभा के गठन और संविधान निर्माण से जुड़े ऐतिहासिक पहलुओं की भी जानकारी दी गई।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की प्रस्तुति से हुई। छात्र मामलों के डीन प्रो. जिम्सन मैथ्यू ने स्वागत संबोधन में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और नागरिकों के कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता बताई। गणित विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार श्रीवास्तव ने संविधान सभा की ऐतिहासिक यात्रा और संविधान निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यवाहक निदेशक प्रो. सोमनाथ त्रिपाठी ने पहले हिंदी और फिर अंग्रेजी में संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया। इस अवसर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
रिपोर्ट: कलीम अंसारी




