बिहटा। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल खाई को पाटने और वंचित युवाओं को तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला ‘रूरल कनेक्ट 2026’ का रविवार को समापन हो गया। 14 और 15 नवंबर को आयोजित इस कार्यशाला में देशभर के विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों ने किफायती और भरोसेमंद कनेक्टिविटी, शिक्षा और जरूरी सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने पर विचार साझा किए।

कार्यशाला का विषय ‘वंचित युवाओं के सशक्तीकरण हेतु ग्रामीण संचार नवाचार’ रखा गया था। उद्घाटन समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार के कैबिनेट मंत्री दिलीप घोष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने इस तरह की पहल को ग्रामीण भारत के भविष्य के लिए जरूरी बताते हुए आयोजकों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यशाला के आयोजन अध्यक्ष और आईआईटी खड़गपुर के इंस्टीट्यूट चेयर प्रोफेसर सुदीप मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण विकास की रफ्तार डिजिटल कनेक्टिविटी से सीधे जुड़ी है। अगर गांवों तक सस्ता और स्थिर इंटरनेट पहुंचे तो शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों में बड़ा बदलाव आ सकता है।
शोध से जमीन तक जुड़ा मंच
आयोजकों के अनुसार, कार्यशाला का मकसद लैब में हो रहे शोध को गांवों की जमीनी जरूरतों से जोड़ना था। इस दौरान आईआईटी खड़गपुर के स्वान लैब में चल रहे कई प्रोजेक्ट्स पर भी चर्चा हुई।

इनमें कम ऊर्जा में लंबी दूरी तक संदेश भेजने वाली तकनीक, ऐसे नेटवर्क पर हल्के वेब पेज चलाने की संभावना और जनजातीय इलाकों में आंखों की जांच के लिए एआई आधारित पोर्टेबल उपकरण व टेलीहेल्थ सुविधा जैसे नवाचार शामिल रहे। विशेषज्ञों ने बताया कि ये समाधान सीमित संसाधनों वाले इलाकों को ध्यान में रखकर तैयार किए जा रहे हैं।
आइडियाथॉन में युवाओं के आइडिया छाए
कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण मेंटरशिप आधारित आइडियाथॉन रहा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए विद्यार्थियों ने दो श्रेणियों – ‘रूरल कम्युनिकेशन’ और ‘एआई/एमएल फॉर रूरल इंडिया’ – में अपने तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए।

मेंटर्स ने प्रतिभागियों को सिर्फ आइडिया नहीं, बल्कि उसकी लागत, उपयोगिता और गांव की वास्तविक परिस्थितियों में उसके असर को परखने की सीख दी।
स्कूली बच्चों ने रखा गांव के भविष्य का सपना
कार्यशाला के पहले दिन पश्चिम बंगाल के दूरस्थ क्षेत्र प्रतापदिघी के रामकृष्ण सारदा शिक्षा सदन के विद्यार्थी अपने शिक्षकों के साथ शामिल हुए। निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने अपने गांवों के भविष्य, पढ़ाई, डिजिटल सुविधाओं और स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसरों को लेकर अपने विचार लिखे।

कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक बंगाली संस्कृति की प्रस्तुतियों ने भी सबका मन मोह लिया।

आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस कार्यशाला से निकले आइडिया और साझेदारी आने वाले समय में ग्रामीण भारत में डिजिटल समावेशन को और मजबूत करेंगे।

रिपोर्ट: कलीम अंसारी