
बिहटा: शहरी पर्यावरण की चुनौतियों से निपटने और आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने में भू-स्थानिक तकनीक की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। भारत और श्रीलंका के विशेषज्ञों के बीच इस दिशा में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। आईआईटी पटना में आयोजित पांच दिवसीय द्विपक्षीय कार्यशाला के समापन पर प्रतिनिधिमंडल ने बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन से बिहार लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल ने भू-स्थानिक पूर्व चेतावनी प्रणाली और कृषि क्षेत्र में इसके उपयोग को लेकर विशेष मार्गदर्शन दिया।

17 से 21 नवंबर तक आयोजित कार्यशाला में शहरी पर्यावरणीय स्थिरता के लिए भू-स्थानिक प्रौद्योगिकियों के अनुप्रयोग पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए। राज्यपाल ने इंजीनियरों, समाज वैज्ञानिकों और भूगोलवेत्ताओं के एक साथ आने को महत्वपूर्ण बताते हुए इस तरह के अंतरविषयक प्रयासों की सराहना की। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने तकनीक के माध्यम से आपदा के जोखिम को कम करने और समय रहते चेतावनी देने की संभावनाओं पर चर्चा की।

कार्यशाला में प्रतिभागियों को नदी आकृति विज्ञान, ओपन एक्सेस सैटेलाइट डेटा प्रोसेसिंग, पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान पोर्टल, थ्री-डी लाइडार सर्वेक्षण और आर-स्टूडियो के माध्यम से डेटा विजुअलाइजेशन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। आईआईटी पटना, एनआईटी पटना, बिरसाक और उद्योग विशेषज्ञों ने विभिन्न सत्रों में मार्गदर्शन किया।
श्रीलंका की भारत में उच्चायुक्त माहिशिनी कोलोन की उपस्थिति में शुरू हुई कार्यशाला के समापन पर दोनों देशों के प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। प्रतिनिधिमंडल में कार्यशाला संयोजक डॉ. अक्षर त्रिपाठी, डॉ. पापिया राज, डॉ. आदित्य राज और श्रीलंका के प्रो. एल. मनाउडु शामिल थे।
रिपोर्ट: कलीम अंसारी
