बिहटा। रिश्तेदार के घर आए युवक की बाइक चोरी होने के मामले में आईआईटी अमहरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की बाइक भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव से बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राहुल कुमार और अमरजीत कुमार के रूप में हुई है। दोनों आईआईटी अमहरा थाना क्षेत्र के लई ओपी अंतर्गत कालीगंज गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
लई ओपी प्रभारी आयुष कुमार ने बताया कि बीते 19 नवंबर को जितेंद्र कुमार ने बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह लई गांव में अपने रिश्तेदार के घर आए थे। इसी दौरान उनकी बाइक चोरी हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी की बाइक भोजपुर जिले के बेलाउर गांव से बरामद कर ली। साथ ही बाइक चोरी में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

रिपोर्ट: कलीम अंसारी