आईआईटी पटना में एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन, 120 बेड के स्टार्टअप हॉस्टल का भी होगा निर्माण

बिहटा। बिहार में तकनीकी अनुसंधान, स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में आईआईटी पटना में शुक्रवार को तीन बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से 400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रिसर्च पार्क और 120 बेड के स्टार्टअप हॉस्टल की आधारशिला रखी। साथ ही संस्थान में स्थापित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (सीओई-एआइ) का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं से विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों और स्टार्टअप कंपनियों को शोध से लेकर उत्पाद निर्माण तक की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

रिसर्च पार्क के निर्माण पर 400 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें बिहार सरकार की ओर से 305 करोड़ रुपये और हायर एजुकेशन फाइनेंसिंग एजेंसी (हेफा) से 95 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। यहां आधुनिक प्रयोगशालाओं, डिजाइन, सिमुलेशन, उत्पाद परीक्षण, विनिर्माण और प्रमाणन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। स्टार्टअप और एमएसएमई को अपने उत्पादों और तकनीक को विकसित करने के साथ बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
वहीं, 39.1 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 120 बेड के हॉस्टल में स्टार्टअप से जुड़े उद्यमियों को आवासीय सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें संस्थान की प्रयोगशालाओं, विशेषज्ञों और शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ मिल सकेगा।
60 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित एआइ सेंटर बिहार सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और टाइगर एनालिटिक्स के सहयोग से संचालित होगा। संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा, शिक्षक और विद्यार्थी समारोह में उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: कलीम अंसारी