फुलवारी शरीफ। सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर फुलवारी शरीफ के एकतापुरम में दीपों की रोशनी से सुशासन के संकल्प को नई ऊर्जा मिली। जदयू के आह्वान पर मसौढ़ी के विधायक अरुण मांझी ने अपने कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं के साथ 101 दीप जलाए और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान को याद किया।

छत्रपति शिवाजी ग्रीन्स स्थित कार्यालय में आयोजित इस दीपोत्सव में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। एक-एक कर दीप जलाए गए और बिहार के विकास, समरसता और जनकल्याण की कामना की गई।

कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को एक नई दिशा दी है। उनकी राजनीति का केंद्र हमेशा गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों का उत्थान रहा। सड़क से लेकर बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण तक हर मोर्चे पर बिहार ने जो बदलाव देखा, वह सुशासन की ही देन है।

मांझी ने कहा कि 101 दीप सिर्फ सम्मान का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि यह इस बात का संदेश है कि सुशासन की लौ को बुझने नहीं देना है। इसे गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाना है। कार्यकर्ताओं ने भी एक स्वर में सुशासन के मूल्यों को जन-जन तक ले जाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था, सामाजिक समरसता और विकास की निरंतरता पर भी चर्चा हुई। अंत में सभी ने बिहार की सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार