
पटना: बिहार में जमीन से जुड़े विवादों को लेकर सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब राज्य के सभी 900 राजस्व न्यायालय वर्चुअल कोर्ट में तब्दील हो गए हैं। इसका मतलब है कि अब दाखिल-खारिज, परिमार्जन जैसे मामलों के लिए रैयतों को बार-बार कोर्ट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सुनवाई अब घर बैठे ऑनलाइन होगी।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सोमवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस व्यवस्था का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पहले रैयतों को अपना काम छोड़कर कोर्ट आना पड़ता था, तारीख पर तारीख मिलती थी और कई मामले 4-4 साल तक लटके रहते थे। अब इस सिस्टम से तारीख पर तारीख के खेल से मुक्ति मिलेगी।
पटना मुख्यालय से होगी हर कोर्ट पर नजर
नई व्यवस्था में पटना मुख्यालय से सभी 900 कोर्ट की लाइव मॉनिटरिंग होगी।
• किस मामले में कितनी तारीखें दी गईं • रैयत को कितनी बार कोर्ट आना पड़ा • कितनी बार बिना सुनवाई के लौटना पड़ा
सब कुछ मुख्यालय के रडार पर होगा। सुनवाई के दौरान रैयत का पक्ष रिकॉर्ड कर सुरक्षित रखा जाएगा। आवेदन, साक्ष्य, दस्तावेज और कोर्ट का आदेश भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।
मंत्री ने कहा कि सिर्फ सुनवाई ही नहीं, फैसले की गुणवत्ता पर भी नजर रखी जाएगी। CO, DCLR और राजस्व अधिकारी के जजमेंट की समीक्षा मुख्यालय के विशेषज्ञ अधिकारी करेंगे। अगर किसी अधिकारी के फैसले में कमी मिली या रैयत को परेशानी हुई तो कार्रवाई होगी।
दलालों पर AI की नजर, कर्मचारियों के लैपटॉप में GPS
अंचल कार्यालयों में दलालों के खेल को खत्म करने के लिए सरकार ने टेक्नोलॉजी का सहारा लिया है। सभी अंचल कार्यालयों के CCTV को AI मॉड्यूल से जोड़ा जाएगा। AI की मदद से दलालों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई होगी।
वहीं, राजस्व कर्मचारियों और अमीनों को दिए गए लैपटॉप में GPS लगाया गया है। इससे पता चलेगा कि कौन कर्मचारी कहां काम कर रहा है।
6 महीने में 144 अधिकारियों पर गिरी गाज
मंत्री ने बताया कि 27 मई से अब तक भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया है। पिछले 6 महीनों में 144 पदाधिकारियों पर अनुशासनिक कार्रवाई हुई है।
सोमवार को भी दो अधिकारियों पर कार्रवाई हुई:
1. गया के अतरी के CO दिलीप कुमार: दाखिल-खारिज पर रोक लगाने के लिए 70 हजार रुपये रिश्वत मांगने के मामले में निगरानी ब्यूरो ने FIR दर्ज की, जिसके बाद विभागीय कार्रवाई शुरू।
2. बोधगया के पूर्व CO कमल नयन कश्यप: भू-हदबंदी अधिनियम की जमीन का दाखिल-खारिज करने पर दो वेतनवृद्धि रोकी गई।
सर्वे में तेजी: 1,617 मौजों में प्रकाशन
भूमि सर्वेक्षण को लेकर भी मंत्री ने बड़ी जानकारी दी। अब तक 20 जिलों के 1,617 मौजों में सर्वे का प्रकाशन हो चुका है। अंतिम अधिकार अभिलेख के प्रकाशन के बाद रैयतों को स्वामित्व कार्ड यानी पासबुक दी जाएगी।
अब हर 7 दिन पर प्रपत्र-25 का प्रकाशन होगा। प्रपत्र-25 के प्रकाशन के बाद भी रैयत 3 माह के भीतर अपर समाहर्ता के कोर्ट में अपील कर सकते हैं।
मंत्री ने बिहार के लोगों से सर्वे में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पासबुक मिलने के बाद जमीन के रिकॉर्ड में पारदर्शिता आएगी और भविष्य में विवाद कम होंगे।
ब्यूरो रिपोर्ट राजीव शर्मा




