
पटना। आईआईटी पटना में विकसित किए जा रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के मेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से बिहार की तकनीकी जरूरतों को पूरा करने की उम्मीद है। इस केंद्र को जल्द कार्यशील बनाने और परियोजना के काम में तेजी लाने को लेकर भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने समीक्षा की।
मंत्रालय के संयुक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार राजेश सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने इनक्यूबेशन सेंटर में संस्थान के अधिकारियों, बिहार सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग और उद्योग भागीदार टाइगर एनालिटिक्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली गई और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। राजेश सिंह ने केंद्र की अब तक की प्रगति पर संतोष जताते हुए सभी संबंधित पक्षों से इसके कार्यान्वयन में तेजी लाने को कहा।
बैठक में बिहार सरकार के आईटी विभाग के उप सचिव शाहनवाज अहमद नियाजी, टाइगर एनालिटिक्स के ग्लोबल हेड बदरीश प्रकाश, सीएफओ देवानंद रमन दसानी और पार्टनर नितिन कटारिया शामिल हुए। वहीं, आईआईटी पटना की ओर से प्रो. सोमनाथ त्रिपाठी, कार्यवाहक कुलसचिव डॉ. महेश कोलेकर, प्रो. राजीव मिश्रा और प्रो. प्रीतम कुमार मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने इनक्यूबेशन सेंटर की प्रयोगशालाओं और साझा सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही वहां काम कर रहे स्टार्टअप संचालकों से बातचीत कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि इस एआई सेंटर का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने 21 नवंबर 2026 को किया था।
कलीम अंसारी की रिपोर्ट




