
सभी वार्डों में बंदियों के बिस्तर और सामान की हुई जांच, कुख्यात अपराधियों से लेकर नक्सली-माओवादियों तक की मौजूदगी के कारण संवेदनशील है जेल
पटना के बेऊर केंद्रीय कारा में गुरुवार की आधी रात अचानक पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने दस्तक दी। भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारियों ने जेल के सभी वार्डों को अपने घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में 153 पुलिसकर्मियों ने जेल के अंदर चप्पे-चप्पे की जांच की। हालांकि, पूरी कार्रवाई के बाद भी किसी वार्ड से प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलजा और ग्रामीण एसपी कोमल मीणा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में फुलवारीशरीफ के एसडीपीओ नारायण उपाध्याय सहित पुलिस के करीब 153 जवान शामिल थे। देर रात अचानक पुलिस टीम के जेल पहुंचने से बंदियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसके बाद बंदियों को जगाकर उनके वार्डों की तलाशी ली गई।
पुलिसकर्मियों ने बंदियों के बिस्तर, व्यक्तिगत सामान और आसपास रखी वस्तुओं की बारीकी से जांच की। जेल परिसर के अलग-अलग हिस्सों में भी तलाशी ली गई। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सभी वार्डों को खंगाला गया।
सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील है बेऊर जेल
बेऊर केंद्रीय कारा में गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपितों के अलावा कुख्यात अपराधी, राजनीतिक बंदी, नक्सली, माओवादी और सजायाफ्ता कैदी भी बंद हैं। जेल के अंदर मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ, हथियार या अन्य प्रतिबंधित सामान पहुंचने की आशंका को देखते हुए प्रशासन समय-समय पर औचक तलाशी अभियान चलाता है।
करीब दो घंटे तक चली जांच के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम वापस लौट गई। जेल अधीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि संयुक्त टीम ने सभी वार्डों की सघन तलाशी ली, लेकिन कहीं से भी कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।




