
एंटीबायोटिक के दुरुपयोग, स्व-चिकित्सा और दवाओं के दुष्प्रभावों की दी गई जानकारी
बिहटा। ग्रामीण क्षेत्रों में दवाओं के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी अब आशा कार्यकर्ताओं को भी सौंपी जा रही है। इसी उद्देश्य से नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (NSMCH), अमहरा में शुक्रवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें आशा कार्यकर्ताओं को दवाओं के सही इस्तेमाल, एंटीबायोटिक के दुरुपयोग और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया।
काशीफार्माकॉन-2026 के पूर्व सम्मेलन के तहत आयोजित इस कार्यशाला का संचालन कॉलेज के फार्माकोलॉजी विभाग ने किया। इसकी अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. (डॉ.) हरिहर दीक्षित ने की। विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) इश्तेयाक अहमद और आयोजन सचिव डॉ. अमृतांशु शेखर के मार्गदर्शन में विशेषज्ञों ने अलग-अलग सत्रों में प्रशिक्षण दिया।

प्रो. (डॉ.) रानी इंदिरा सिन्हा ने दवाओं के तर्कसंगत उपयोग, प्रो. इश्तेयाक अहमद ने स्व-चिकित्सा के नुकसान और प्रो. मुकेश कुमार ने एंटीबायोटिक के सही इस्तेमाल व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की जानकारी दी। वहीं बच्चों और बुजुर्गों में दवाओं के उपयोग, घर में दवाएं रखने और इस्तेमाल के दौरान होने वाली गलतियों पर भी चर्चा हुई। डॉ. शिल्पी मिश्रा ने दवाओं के सुरक्षित वितरण एवं निपटान, प्रो. अनिमेष गुप्ता ने टीकाकरण और डॉ. प्रिया ने स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों के बारे में बताया।
प्राचार्य डॉ. हरिहर दीक्षित ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण समुदाय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे गांवों में दवाओं के सुरक्षित उपयोग, एंटीबायोटिक के दुरुपयोग और दवाओं के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करें। कार्यशाला में दवाओं से होने वाली प्रतिकूल प्रतिक्रियाओं (ADR) की रिपोर्टिंग पर भी जानकारी दी गई। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र में आशा कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
रिपोर्ट: कलीम अंसारी




