
पटना। विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ कौशल एवं व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई), पटना में शनिवार को बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के सीबीएसई विद्यालयों के 40 प्रधानाचार्यों ने एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट किया। इस दौरान प्रधानाचार्यों को फुटवियर, फैशन और रिटेल क्षेत्र में उच्च शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं के साथ संस्थान की आधुनिक तकनीकी एवं व्यावहारिक सुविधाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. केसी सिन्हा और एफडीडीआई के कार्यकारी निदेशक नीरज कुमार ने सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। प्रो. सिन्हा ने कहा कि बदलते शैक्षणिक और औद्योगिक परिवेश में कौशल आधारित शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वहीं, नीरज कुमार ने संस्थान की उपलब्धियों और विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी साझा की।
इस दौरान संस्थान के विभागाध्यक्षों ने पाठ्यक्रम, प्रयोगशालाओं और करियर की संभावनाओं से अवगत कराया। प्रधानाचार्यों ने आधुनिक प्रयोगशालाओं का भ्रमण कर विद्यार्थियों के प्रायोगिक कार्य, डिजाइन एवं तकनीकी प्रक्रियाओं को करीब से देखा। प्रश्नोत्तर सत्र में कौशल शिक्षा, उच्च शिक्षा और उद्योग-अकादमिक सहयोग से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए गए। प्रधानाचार्यों ने इस पहल को विद्यार्थियों के बेहतर करियर मार्गदर्शन की दिशा में उपयोगी बताया।
रिपोर्ट कलीम अंसारी




